Kawad Yatra 2026: संभल में भारी वाहनों के लिए नया ट्रैफिक प्लान, एक अगस्त सुबह आठ बजे से लागू होगा डायवर्जन

संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संभल पुलिस ने एक नया
संवाद सहयोगी, बहजोई (संभल)। सावन के महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संभल पुलिस ने एक नया डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन प्लान एक अगस्त की सुबह आठ बजे से प्रभावी होगा और तीन अगस्त की शाम छह बजे तक लागू रहेगा। इसके बाद यह व्यवस्था आठ से 11 अगस्त, 15 से 17 अगस्त और 22 से 24 अगस्त तक जारी रहेगी। इस अवधि में सभी भारी मालवाहक वाहनों जैसे ट्रक, कैंटर, बस, ट्रैक्टर-ट्राली आदि का कांवड़ मार्गों पर प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस निर्णय का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है और यातायात को सुचारू रखना है।
संभल पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि दिल्ली, मुरादाबाद, बदायूं, चंदौसी, अलीगढ़, आगरा और बरेली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। इसके लिए राधा गोविंद इंस्टीट्यूट चंदौसी, रजपुरा शुगर मिल, खिरनी तिराहा स्थित गंगा एक्सप्रेसवे ग्राउंड, कृषि उत्पादन मंडी बबराला और बहजोई के बड़े ग्राउंड को होल्डिंग एरिया के रूप में चिन्हित किया गया है। यदि कांवड़ियों की संख्या बढ़ती है, तो यातायात व्यवस्था के अनुसार वाहनों को इन स्थानों पर रोका जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन मार्ग और समय में भी परिवर्तन किया जा सकता है।
















