Kejriwal's March Against E20: पीएम मोदी के आवास की ओर 100 लोगों का मार्च करेंगे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की e20 पेट्रोल नीति के खिलाफ अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है। शनिवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित नेशनल टाउन हॉल अगेंस्ट E20 के दौरान केजरीवाल ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने घोषणा की कि वे 4 अगस्त मंगलवार को दोपहर 12 बजे 100 लोगों के दल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की तरफ पैदल मार्च करेंगे। इस मार्च के दौरान केजरीवाल प्रधानमंत्री को उन 2 लाख से भी अधिक देशवासियों के हस्ताक्षर यानी पेटिशन की प्रिंटआउट कॉपी व्यक्तिगत रूप से सौंपेंगे, जिन्होंने इस नीति के विरोध में ऑनलाइन याचिका पर दस्तखत किए हैं। केजरीवाल ने कहा कि इस मार्च के लिए भीड़ जुटाने की जरूरत नहीं है, बल्कि वे केवल ऐसे 100 निडर लोगों को अपने साथ ले जाएंगे जो लाठियों से नहीं डरते हैं।
इस विरोध प्रदर्शन को देशव्यापी जन-आंदोलन बनाने के लिए अरविंद केजरीवाल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (ट्विटर) का बायो भी बदल दिया है। उन्होंने अपने नए बायो के जरिए सीधे आम जनता से इस मुहीम का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने बायो में लिखा है, 'आइए मिलकर E20 के खिलाफ आवाज उठाएं। नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें और PM के नाम पेटिशन पर साइन करें।' केजरीवाल लगातार सोशल मीडिया पर लोगों से इस अभियान से जुड़ने, अपने वीडियो पोस्ट करने और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने की अपील कर रहे हैं।
















