Nepal Violence Escalates: नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा का दायरा बढ़ा, कई जिलों में कर्फ्यू

नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब गंभीर रूप धारण कर चुकी है। यह हिंसा अब मधेश प्रदेश के सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज गांवपालिका से शुरू हुई सांप्रदायिक हिंसा अब गंभीर रूप धारण कर चुकी है। यह हिंसा अब मधेश प्रदेश के सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी जिलों तक फैल गई है। हालात की गंभीरता को देखते हुए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) और नेपाली सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार फ्लैग मार्च और गश्त की जा रही है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, सुरक्षा स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसके कारण सिरहा, धनुषा, पर्सा और सप्तरी में कर्फ्यू जारी रखा गया है। सिरहा के गोलबाजार, लहान और सिरहा बाजार, धनुषा के जनकपुरधाम, पर्सा के वीरगंज और सप्तरी के राजविराज व बोदे बर्साइन जैसे कई संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस हिंसा के दौरान कई स्थानों पर आगजनी, तोड़फोड़, लूटपाट और पथराव की घटनाएं भी सामने आई हैं। अब तक मधेश प्रदेश में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिनमें नेपाल पुलिस के दो डीएसपी समेत 22 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
हिंसा के कारण आम जनजीवन और परिवहन पर भी बुरा असर पड़ा है। कर्फ्यू और सड़क बंद होने के कारण कई क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन प्रभावित हुआ है। भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मार्गों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। रेलवे और बस सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा है, जिससे यात्रियों को कई स्थानों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना आवश्यक काम के घर से बाहर न निकलें। इसके साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाहें या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना सुरक्षा एजेंसियों को देने की सलाह दी गई है।
















