Online Shopping Scam: अमेजन-फ्लिपकार्ट के डिलीवरी में खेल, 75 लाख के माल संग 5 गिरफ्तार

नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने हाल ही में एक बड़े ऑनलाइन शॉपिंग घोटाले का पर्दाफाश किया है, जिसमें फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनि
नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस और एसओजी टीम ने हाल ही में एक बड़े ऑनलाइन शॉपिंग घोटाले का पर्दाफाश किया है, जिसमें फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसी प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों के ऑर्डर में हेराफेरी की गई थी। इस गिरोह ने महंगे सामान की चोरी कर ग्राहकों और विक्रेताओं दोनों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से करीब 75 लाख रुपये मूल्य का चोरी किया गया सामान बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिस खान, सुनील कुमार, विजय सिंह, धर्मेंद्र और सूरज सिंह के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में भूपेंद्र और असलम उर्फ राजू खान शामिल हैं।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि यह गिरोह पिछले तीन से चार महीनों से फ्लिपकार्ट, अमेजन और अन्य ऑनलाइन कंपनियों के महंगे ऑर्डर की डिलीवरी के दौरान सामान बदलने का काम कर रहा था। आरोपियों ने असली सामान को निकालकर उसकी जगह सस्ता या दूसरा सामान रख दिया, जिससे ग्राहक और विक्रेता दोनों को नुकसान हुआ। इसके बाद चोरी किया गया सामान बाजार में बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट, जूते, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, बच्चों के वायरलेस डिवाइस, कान और बीपी मापने की मशीनें, स्मार्ट डिवाइस, ऑनलाइन कंपनियों के टैग, पैकिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद किया है। डीसीपी के अनुसार, बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये है।
















