Passenger Arrested at Varanasi Airport: बैंकाक से आए यात्री के पास से 3.70 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकाक से आए एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से 3.70 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ ह
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकाक से आए एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से 3.70 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है। यह कार्रवाई एयरपोर्ट की इंटेलीजेंस यूनिट (एआईयू) ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के इनपुट पर की। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान गोरखपुर के बड़हलगंज निवासी शैलेश कुमार यादव के रूप में हुई है। शैलेश यादव को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बैंकाक से आने वाली फ्लाइट शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंची थी। इंटेलीजेंस टीम यात्रियों की निगरानी कर रही थी और इसी दौरान ठोस सूचना के आधार पर शैलेश यादव को रोककर पूछताछ की गई। उसने टीम को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी लगेज की तलाशी ली गई, जिसमें से हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
हाल के दिनों में बैंकाक से आने वाली उड़ानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पिछले तीन महीनों में डीआरआई और एयरपोर्ट इंटेलीजेंस यूनिट ने अलग-अलग अभियानों में करीब 40 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया है। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक तकनीक की मदद से धातुओं की जांच की जा रही है, जिससे सोने की तस्करी में जोखिम बढ़ गया है। सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण तस्कर अब हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी में रुचि ले रहे हैं। मादक पदार्थों की बरामदगी मुख्यतः सटीक मुखबिरी और मैनुअल जांच के आधार पर ही संभव हो पाती है।
















