Political Criticism: बीजेपी अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

जागरण संवाददाता, नाहन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चार वर्षों से
जागरण संवाददाता, नाहन। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में पिछले चार वर्षों से बदले की भावना और राजनीतिक प्रतिशोध की सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को ताक पर रखकर अपने राजनीतिक विरोधियों को झूठे मुकदमों में फंसाने का अभियान चला रही है, जो कि हिमाचल के लोकतांत्रिक इतिहास पर गंभीर आघात है। डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जहां-जहां चुनावों में जनता का विश्वास खो रहे हैं, वहां भाजपा नेताओं पर मुकदमे दर्ज करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार लोकतंत्र में जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय प्रतिशोध की राजनीति कर रही है।
डॉ. बिंदल ने धर्मशाला नगर निगम चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा ने महापौर और उपमहापौर का पद जीता। इसके बाद भाजपा विधायक सुधीर शर्मा पर मुकदमा दर्ज कर राजनीतिक प्रतिशोध लिया गया। इसी प्रकार देहरा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद भाजपा नेता होशियार सिंह को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला परिषद चुनाव में भाजपा ने 19 में से 17 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस अपना अस्तित्व तक नहीं बचा सकी। इसके बाद भाजपा विधायक आशीष शर्मा सहित अन्य नेताओं पर मुकदमे दर्ज किए गए।
















