Power Crisis in Trans Hindon: वैशाली-शालीमार गार्डन में 6 घंटे तक बिजली गुल

साहिबाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बिजली संकट ने स्थानीय निवासियों को परेशान कर दिया है। बृहस्पतिवार को यहां कई स्थानों पर बिजली की कटौती हुई, जिसमें कहीं चा
साहिबाबाद के ट्रांस हिंडन क्षेत्र में बिजली संकट ने स्थानीय निवासियों को परेशान कर दिया है। बृहस्पतिवार को यहां कई स्थानों पर बिजली की कटौती हुई, जिसमें कहीं चार घंटे तो कहीं छह घंटे तक बिजली गुल रही। स्थानीय लोग विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत करते रहे, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। केवल आश्वासन ही उन्हें मिला। वैशाली सेक्टर-तीन में सुबह 10 बजे से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई, जो लगभग छह घंटे बाद सामान्य हुई। इस दौरान, स्थानीय निवासियों ने इंटरनेट मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
सेक्टर तीन-एफ के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष धीरेंद्र भदौरिया ने बताया कि रोजाना बिजली कटौती होना आम बात है। कई बार तो यह कटौती छह से सात घंटे तक भी चलती है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शालीमार गार्डन में भी सुबह करीब आठ बजे ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण बिजली आपूर्ति लगभग तीन घंटे तक बाधित रही। इसके अलावा, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, डीएलएफ और कनावनी में भी दिनभर में चार से पांच घंटे तक बिजली गुल रही।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि शालीमार गार्डन में पेड़ों की छंटाई न होने के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित हो रही है। मकान नंबर 696 के सामने लगे ट्रांसफार्मर पर पेड़ों की शाखाएं आ रही हैं, जिससे तारों में स्पार्किंग हो रही है और आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम से पेड़ों की छंटाई कराने की मांग की है। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता बृजेश कुमार ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य और पेड़ों की छंटाई के कारण कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हुई थी, लेकिन अब सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई है।
















