Ravidas Jayanti Celebration: संत रविदास जयंती पर काशी से पटना पहुंचा कलश

राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा द्वारा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से निकाली गई पवित्र कलश एवं रथ यात्रा का गुरुवार को बिहार में
राज्य ब्यूरो, पटना। भाजपा द्वारा संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से निकाली गई पवित्र कलश एवं रथ यात्रा का गुरुवार को बिहार में भव्य स्वागत किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संत रविदास की जन्मस्थली से रवाना की गई पवित्र मिट्टी से भरा कलश आज पटना पहुंचा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश झा के नेतृत्व में यह यात्रा मोहनिया के चांदनी चौक (अंबेडकर प्रतिमा) से बिहार में प्रवेश कर शाम को पटना पहुंची। पटना जंक्शन स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में यात्रा का पड़ाव हुआ, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण कर मंदिर परिसर स्थित संत रविदास प्रतिमा स्थल तक पहुंचाया और विधिवत उसकी स्थापना की। इस दौरान पूरा परिसर 'संत रविदास अमर रहें' और 'जय संत रविदास' के जयघोष से गूंज उठा तथा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर एवं अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने बताया कि काशी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरा यह कलश अब बिहार के सभी जिलों और गांवों तक पहुंचाया जाएगा। भाजपा के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि इस पवित्र कलश को लेकर पूरे प्रदेश में सामाजिक समरसता, समानता और संत रविदास जी के विचारों का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे।
















