Train Delay at Rourkela: दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस में एसी खराब होने से यात्रियों को परेशानी

राउरकेला स्टेशन पर शनिवार को दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन दो घंटे की देरी से शाम 5:15 बजे राउरकेला स्टे
राउरकेला स्टेशन पर शनिवार को दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन दो घंटे की देरी से शाम 5:15 बजे राउरकेला स्टेशन पर पहुंची। इसके बाद एच-1 फर्स्ट एसी कोच के यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने प्लेटफॉर्म पर हंगामा करते हुए रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रियों का कहना था कि ट्रेन के दुर्ग स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही समय बाद एच-1 कोच के एयर कंडीशनिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस समस्या की सूचना ट्रेन में मौजूद एसी मेंटेनर को दी गई, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। समय पर मरम्मत न होने के कारण राउरकेला पहुंचने तक पूरे कोच का एसी सिस्टम ठप हो गया था। बंद एसी के कारण कोच के भीतर उमस और दमघोंटू स्थिति बन गई, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सांस लेने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
जैसे ही ट्रेन राउरकेला पहुंची, यात्री राहत पाने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्टेशन मास्टर और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया और तकनीकी टीम को तुरंत मरम्मत कार्य में लगाया। इस प्रक्रिया में साउथ बिहार एक्सप्रेस लगभग 1 घंटे तक राउरकेला स्टेशन पर रुकी रही और शाम करीब 6:30 बजे आरा के लिए रवाना हो सकी। यात्रियों ने बताया कि एसी खराब होने से उन्हें काफी परेशानी हुई और उन्होंने रेलवे प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की।
















