Chamba News: स्कूल परिसर में घुसा मलबा, दीवार ढही, भवन पर मंडराया खतरा

सलूणी (चंबा)। हाल ही में सलूणी क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय सलूणी को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। बारिश के कारण सड़क से बहकर आया मलबा और
सलूणी (चंबा)। हाल ही में सलूणी क्षेत्र में हुई भारी बारिश ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय सलूणी को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। बारिश के कारण सड़क से बहकर आया मलबा और पानी विद्यालय परिसर में घुस गया, जिससे विद्यालय की सुरक्षा दीवार ढह गई। इस दीवार का निर्माण लगभग पांच लाख रुपये की लागत से किया गया था और अब विद्यालय भवन को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय पीटीए पदाधिकारी और ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह के नुकसान का सामना करना पड़ा है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया गया है। पीटीए अध्यक्ष दिनेश राणा, उपप्रधान अमर सिंह, ध्यान सिंह, रमेश कुमार, राजेंद्र कुमार, निधिया राम और जमीत राणा ने बताया कि सलूणी-हुट्टा सड़क पर पानी की निकासी की व्यवस्था न होने के कारण हर बार मलबा विद्यालय की ओर आ जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित विभाग को पत्र लिखे गए हैं। लोक निर्माण मंत्री के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के डंगे का कार्य स्वीकृत होने के बावजूद उसका निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की है कि विद्यालय की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द ड्रेन का निर्माण कराया जाए और सड़क के डंगे का कार्य पूरा किया जाए। इस स्थिति को लेकर नायब तहसीलदार डीसी राणा ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद पटवारी को मौके पर भेज दिया गया है। कॉलेज प्राचार्य महिंद्र सलारिया ने कहा कि भारी बारिश के कारण विद्यालय को काफी नुकसान हुआ है और इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का समाधान जल्द ही किया जाएगा। ग्रामीणों की चिंताएं बढ़ती जा रही हैं, और वे चाहते हैं कि प्रशासन इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करे ताकि भविष्य में इस तरह के नुकसान से बचा जा सके।









