Explosives Seized in Birbhum: बीरभूम के नलहाटी में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, 800 KG अमोनियम नाइट्रेट और 12400 जिलेटिन स्टिक जब्त

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम के नलहाटी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्रवाई के तीन दिन बाद, पुलिस ने एक बार फिर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम के नलहाटी में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कार्रवाई के तीन दिन बाद, पुलिस ने एक बार फिर से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए हैं। नलहाटी थाने की पुलिस ने मंगलवार की रात लखनामारा पत्थर औद्योगिक क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर 800 किलो अमोनियम नाइट्रेट, 12,400 जिलेटिन स्टिक, 105 डेटोनेटर और 36 डेटोनेटिंग फ्यूज की कुंडलियां जब्त की हैं। इसके अलावा विस्फोटक से जुड़े अन्य सामान भी मौके से मिले हैं। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें एक परित्यक्त टाइल वाले मकान की तलाशी ली गई। काफी समय तक चली इस कार्रवाई के दौरान घर के भीतर छिपाकर रखे गए विस्फोटक बरामद हुए। इस दौरान बम स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचा और पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया। जांच के बाद बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि जिस मकान से विस्फोटक बरामद हुए, उसे हाल ही में किराए पर लिया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मकान का उपयोग कौन कर रहा था और इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक वहां क्यों रखे गए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। इसके अलावा, विस्फोटक कहां से लाए गए और उनकी आपूर्ति का नेटवर्क क्या है, इन पहलुओं की भी गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई अपराध पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 'अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत की गई है।











