Heavy Rain in Chamba: चंबा में बारिश का कहर, 15 वाहन मलबे में दबे

चंबा जिले के सुल्तानपुर वार्ड और आसपास की ग्राम पंचायतों में सोमवार रात को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस बारिश के कारण अचानक आए मलबे और तेज बहाव
चंबा जिले के सुल्तानपुर वार्ड और आसपास की ग्राम पंचायतों में सोमवार रात को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस बारिश के कारण अचानक आए मलबे और तेज बहाव ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। ग्राम पंचायत सरोल, परेल और तड़ोली में पानी और मलबा लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बारिश के कारण परेल स्थित पुल पर जलभराव हो गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। इसके अलावा, पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे परेल के पास पूरी तरह से ठप हो गया है।
मूसलाधार बारिश के दौरान ओबडी क्षेत्र में भी खौफनाक दृश्य देखने को मिले। पहाड़ी से अचानक दरककर भारी-भरकम पत्थर और मलबा एक रिहायशी मकान के ऊपर आ गिरा। पत्थर गिरते ही घर के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत यह रही कि समय रहते लोग बाहर निकल आए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। बारिश के चलते सरोल और इसके अंतर्गत आने वाले 'घोलटी' क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ है। मलबा आने से करीब 15 छोटे-बड़े वाहन पूरी तरह दब गए हैं। सुल्तानपुर में कॉलेज के समीप स्थित दुकानों और मकानों में भारी मात्रा में मलबा और पानी भर गया, जिससे लोगों को रात भर जागकर समय बिताना पड़ा।
गौरतलब है कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले ही दैनिक जागरण ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित कर सुल्तानपुर में संभावित खतरों के प्रति आगाह किया था। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका खामियाजा आज स्थानीय जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रभावितों ने मलबे में दबे वाहनों को सुरक्षित निकालने और एनएच को शीघ्र चालू करने की मांग की है। ग्राम पंचायत सरोल के प्रधान विजय कुमार ने कहा कि सुबह-सुबह नुकसान का जायजा लेने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों की टीम के साथ सरोल और अन्य क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का दौरा किया गया है। चंबा के अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमों और संबंधित विभागों को तुरंत फील्ड में उतरने को कहा गया है। प्राथमिकता के आधार पर चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।









