Monsoon Leave Cancelled: एमसीडी ने कर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद की

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई भारी वर्षा, जलभराव और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने सभी
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई भारी वर्षा, जलभराव और आपदा प्रबंधन की चुनौतियों को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने सभी कर्मियों और अधिकारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। यह निर्णय एमसीडी के केंद्रीय स्थापना विभाग द्वारा जारी किए गए आदेश के तहत लिया गया है। इस आदेश का मुख्य उद्देश्य मानसून के दौरान सेवाओं को निर्बाध बनाए रखना और आपात स्थितियों का प्रभावी ढंग से सामना करना है। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि सभी सामान्य अवकाश, जो पहले से स्वीकृत थे, अब तत्काल प्रभाव से निरस्त माने जाएंगे। इसके साथ ही, नए अवकाश आवेदन भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे। हालांकि, गंभीर चिकित्सीय आपात स्थिति, मातृत्व, पितृत्व या वास्तविक मानवीय आधार पर अवकाश की अनुमति विभागाध्यक्ष की पूर्व अनुमति से दी जाएगी। ऐसे मामलों की सूचना केंद्रीय स्थापना विभाग को भी देनी होगी।
एमसीडी ने अपने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि मानसून या आपातकालीन सेवाओं से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित समय पर उपस्थित रहें। सभी को आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करानी होगी। यह सुनिश्चित करने के लिए कि सभी कर्मी समय पर कार्यालय पहुंचें, एमसीडी ने निर्देश दिया है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित रहता है, तो संबंधित विभागाध्यक्ष को उसी दिन इसकी सूचना देनी होगी। यह आदेश इस बात को भी रेखांकित करता है कि यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी इन निर्देशों की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ सेवा एवं आचरण नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।









