Open Pits in Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खुले गड्ढे और नाले दे रहे मौत को न्योता

धर्मेंद्र चंदेल, नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा को उत्तर प्रदेश का सबसे आधुनिक और योजनाबद्ध शहर माना जाता है। यहां मेट्रो, एक्सप्रेसवे, शिक्षा और उद्योग के हब, आई
धर्मेंद्र चंदेल, नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा को उत्तर प्रदेश का सबसे आधुनिक और योजनाबद्ध शहर माना जाता है। यहां मेट्रो, एक्सप्रेसवे, शिक्षा और उद्योग के हब, आईटी पार्क और हजारों करोड़ के प्रोजेक्ट हैं। लेकिन इस चमक-दमक के बीच सड़कों के किनारे खुले गड्ढे, अधूरे नाले और बिना बैरिकेडिंग वाली निर्माण साइटें हर दिन लोगों की जान ले रही हैं। इन खतरनाक स्थलों के आसपास बुनियादी सुरक्षा का अभाव है। जब तक गड्ढों को भरने की जिम्मेदारी तय नहीं की जाएगी, बैरिकेडिंग और लाइट की व्यवस्था नहीं होगी, और लापरवाही पर नौकरी जाने का डर नहीं होगा, तब तक युवराज मेहता जैसे और नाम फाइलों में जुड़ते रहेंगे। सवाल यह है कि आखिर लोग नाकाम सिस्टम की भेंट क्यों चढ़ रहे हैं? असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? केवल छोटे स्तर के दैनिक वेतन भोगियों के सिर ही घटना का ठिकरा क्यों फोड़ा जाता है जबकि बड़े जिम्मेदारों को बचाया जाता है। यदि असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए, तो निगरानी तंत्र प्रभावी ढंग से काम करने लगेगा। अन्यथा, नाकाम सिस्टम के कारण भविष्य में भी लोगों को जान गंवानी पड़ सकती है।
सोमवार को एक पति-पत्नी थार गाड़ी के साथ नहर में गिर गए, जिसमें पत्नी की डूबने से मौत हो गई। जनवरी 2026 में सेक्टर-150 में 27 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार बेसमेंट के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में समा गई थी। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संसाधनों के अभाव में युवराज को नहीं बचा सकी। एक महीने बाद अल्फा-एक सेक्टर के रेलवे विहार में गंगाजल पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में रात के अंधेरे में एक कार गिर गई। मौके पर न तो बैरिकेड लगे थे और न ही चेतावनी बोर्ड या लाइट थी। गनीमत रही कि जान बच गई। आठ अप्रैल को नोएडा के सेक्टर 94 में बने गड्ढे में एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित की डूबने से मौत हो गई। नौ जुलाई को इंजीनियर आर्यन सेक्टर 58 में करंट लगने के बाद खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हाल ही में ग्रेटर नोएडा में पांच वर्षीय बच्चे की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।









