Special Train for Pilgrimage: रक्सौल से 1 सितंबर को चलेगी ज्योतिर्लिंग और शिरडी दर्शन की स्पेशल ट्रेन

जागरण संवाददाता, दरभंगा। भारतीय रेलवे कैटरिंग और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा
जागरण संवाददाता, दरभंगा। भारतीय रेलवे कैटरिंग और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं श्री साईं दर्शन यात्रा' के तहत एक विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करने की घोषणा की है। यह ट्रेन 1 सितंबर को रक्सौल रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने बुधवार को दरभंगा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या एक पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह यात्रा आठ रात और नौ दिनों की होगी, जिसमें श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के दौरान उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, शिरडी के श्री साईं बाबा के दर्शन के साथ-साथ छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग का भी दर्शन कराया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन का ठहराव रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर दिया गया है। आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने बताया कि यह एक आल-इन्क्लूसिव टूर पैकेज है, जिसमें रेल यात्रा, भोजन, ठहरने के लिए आवास व्यवस्था, स्थानीय भ्रमण हेतु बस परिवहन, आनबोर्ड सुरक्षा, यात्रा बीमा और आईआरसीटीसी की विशेष आतिथ्य सेवाएं शामिल हैं। यह पहल भारत सरकार के 'देखो अपना देश' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' अभियानों के तहत घरेलू पर्यटन और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।











