Action taken in BJP worker beating case: त्रिलोकपुर के नायब दारोगा निलंबित

सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाने में तैनात नायब दारोगा विशेश्वर प्रसाद को भाजपा कार्यकर्ता के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के आरोप में पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महा
सिद्धार्थनगर के त्रिलोकपुर थाने में तैनात नायब दारोगा विशेश्वर प्रसाद को भाजपा कार्यकर्ता के साथ कथित अभद्रता और मारपीट के आरोप में पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन ने निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। निलंबन आदेश में यह भी कहा गया है कि उप निरीक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी सिफारिश की गई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पूर्व मंत्री डा. सतीश द्विवेदी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कार्रवाई न होने पर त्रिलोकपुर थाने में धरने पर बैठने की चेतावनी दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता गुलशन कश्यप को किसी विवाद के सिलसिले में थाने बुलाया गया था। आरोप है कि इसी दौरान नायब दारोगा विशेश्वर प्रसाद ने उनके साथ मारपीट की। इस घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर अकारण पिटाई और मनमानी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री डा. सतीश द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ त्रिलोकपुर थाने पहुंचे और पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन से स्पीकर फोन पर बातचीत करते हुए तत्काल निलंबन की मांग की।
















