Bankipur By-Election: प्रशांत किशोर ने पुलिस पर उठाए गंभीर सवाल

पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान जन सुराज के संस्थापक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने मतदान केंद्रों का दौरा किया और चुनावी व्यवस्था का निरीक्ष
पटना में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान जन सुराज के संस्थापक एवं पार्टी प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने मतदान केंद्रों का दौरा किया और चुनावी व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पुलिस ने उनके 20 से अधिक समर्थकों को हिरासत में लिया है, लेकिन इससे मतदाता डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चार लाख मतदाताओं को पुलिस डरा नहीं सकती और माहौल पूरी तरह साफ है। भाजपा चुनाव हार रही है। किशोर ने मतदाताओं से अपील की कि वे घरों से बाहर निकलकर अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें, क्योंकि यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि पुलिसिया राज के खिलाफ लड़ाई भी है।
गोलघर स्थित मतदान केंद्र पर प्रशांत किशोर के समर्थकों और महिला पुलिस अधिकारी के बीच बहस हो गई। पुलिस अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता का हवाला देते हुए कहा कि मतदान केंद्र के आसपास समूह बनाकर खड़ा होना नियमों के खिलाफ है। इस दौरान प्रशांत किशोर के एक समर्थक ने आरोप लगाया कि पार्टी के पोलिंग एजेंट को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस पर किशोर ने कहा कि जहां-जहां जन सुराज ने प्रशासन से अनुमति लेकर सहायता केंद्र लगाए हैं, वहां पुलिस व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव नहीं लड़ रही, बल्कि पुलिस चुनाव लड़ रही है। प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद लगाए गए उनके टेबल हटाए जा रहे हैं और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को पकड़कर ले जाया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
















