Building Collapse in Bhiwandi: भिवंडी में इमारत ढहने से 10 लोगों की मौत, मालिक और ठेकेदार पर FIR दर्ज

भिवंडी, महाराष्ट्र में गुरुवार रात को एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। यह इमारत पहले से ही स्थानीय नागरिक निकाय द्व
भिवंडी, महाराष्ट्र में गुरुवार रात को एक चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। यह इमारत पहले से ही स्थानीय नागरिक निकाय द्वारा असुरक्षित घोषित की जा चुकी थी। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए इमारत के मालिक बिलाल अहमद अबू बकर खान और ठेकेदार अशोक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एमआरटीपी (MRTP) कानून की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह शिकायत भिवंडी-निजामपुर नगर निगम के सहायक आयुक्त फैसल अब्दुल कय्यूम टाटली द्वारा दर्ज कराई गई है। घटना बालाजी नगर इलाके में हुई, जब इमारत के पिलरों पर मरम्मत का काम चल रहा था। नगर निगम ने पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था।
गुरुवार रात लगभग 9 बजे अचानक इमारत से तेज आवाजें आने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए कई परिवारों को बाहर निकलने में मदद की। लेकिन जब तक लोग पूरी तरह बाहर आ पाते, इमारत का B विंग भरभराकर गिर गया, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। घटना के तुरंत बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जो अभी भी जारी है। इस हादसे में बचे लोगों ने अपने अनुभव साझा किए। दीपक कुमार यादव ने बताया कि उन्होंने पहली मंजिल से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि संगीता प्रजापति ने बताया कि वह पार्किंग में खड़ी थीं जब इमारत टूटने की आवाज आई।
















