Crocodile Encounter in Muzaffarpur: कांवड़ियों के बीच घड़ियाल का आना, अफरातफरी मच गई

मुजफ्फरपुर में सावन की पवित्र सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए बागमती नदी के बेनीबाद घाट पर पहुंचे कांवड़ियों के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक विशा
मुजफ्फरपुर में सावन की पवित्र सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ के जलाभिषेक के लिए बागमती नदी के बेनीबाद घाट पर पहुंचे कांवड़ियों के बीच उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक विशालकाय घड़ियाल श्रद्धालुओं के बेहद करीब पहुंच गया। इस अप्रत्याशित घटना ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी। हालांकि, बेनीबाद ओपी पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय घाट पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात थी। जैसे ही घड़ियाल दिखाई दिया, पुलिसकर्मियों ने तुरंत श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूरी पर हटाने का कार्य शुरू कर दिया और घाट को खाली कराने में जुट गए। पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने वन विभाग की टीम को सूचित किया। वन्यजीव टीम के पहुंचने तक पुलिस ने घाट की घेराबंदी कर दी, ताकि कोई भी श्रद्धालु घड़ियाल के पास न जा सके। एहतियात के तौर पर घाट पर लोगों की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान बागमती नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण घड़ियाल एवं मगरमच्छ जैसे जलीय जीव कई बार घाटों और रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में नदी किनारे विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है।
















