Police Action on Illegal Spa Centers in Jaipur: जयपुर में अवैध स्पा सेंटरों पर पुलिस की कार्रवाई, चार स्पा सील; 13 लोग गिरफ्तार

जयपुर दक्षिण पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अभियान चलाते हुए मानसरोवर, श्याम नगर और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों पर बड़ी का
जयपुर दक्षिण पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण अभियान चलाते हुए मानसरोवर, श्याम नगर और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में संचालित स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस संयुक्त छापेमारी के दौरान चार स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रबंधकों सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, संबंधित स्पा सेंटरों को सील कराने के लिए नगर निगम को पत्र भेजा गया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज (आईपीएस) के निर्देशन में की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त हेमेंद्र शर्मा की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने 2 अगस्त को मानसरोवर और शिप्रापथ थाना क्षेत्रों में संचालित Leo Night Spa, Lush Life Spa, Bright Candle Spa (आतिश मार्केट) और Dream Night Spa (महारानी फार्म) समेत कई स्पा सेंटरों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कुछ स्पा सेंटरों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए पाया गया। इन स्थानों से प्रबंधकों सहित कुल 13 लोगों को हिरासत में लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कार्रवाई के बाद संबंधित स्पा सेंटरों को सील कराने के लिए नगर निगम जयपुर को पत्र भेजा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में बिना अनुमति या नियमों के विपरीत संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















