Drug Syndicate Crackdown: बिहार में 12.5 लाख की हेरोइन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 60.35 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया ह
बिहार के समस्तीपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 60.35 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 12.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों पर भी कार्रवाई की जाएगी। समस्तीपुर पुलिस को 4 अगस्त को एनएआरकोटिक्स सेल, बिहार, पटना से सूचना मिली थी कि कुछ लोग पटोरी या लगुनिया रेलवे स्टेशन पर उतरकर वैशाली जिले के महनार और बिदुपुर क्षेत्र की ओर जाने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाहपुर पटोरी थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने फोरलेन के पास घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधि देख तीनों तस्करों को रोका। तलाशी के दौरान उनके पास से 60.35 ग्राम हेरोइन, जिसे स्थानीय स्तर पर 'कोटा' कहा जाता है, बरामद हुई। इसके साथ ही पुलिस ने उनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है। इन मोबाइलों की जांच के माध्यम से पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के निवासी गणेश कुमार, राकेश कुमार राय और पूनम देवी के रूप में हुई है। पुलिस लगातार इन तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
















