ED action against TMC leader: सब्यसाची दत्त के खिलाफ ईडी की बड़ी कार्रवाई, कोलकाता समेत 11 ठिकानों पर छापेमारी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और बिधाननगर के पूर्व मेयर सब्यसाची दत्त के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और बिधाननगर के पूर्व मेयर सब्यसाची दत्त के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की। ईडी ने कोलकाता के पार्क स्ट्रीट, खिदिरपुर और अन्य स्थानों पर कुल 11 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई राज्य पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी और उससे जुड़े दस्तावेजों के आधार पर की जा रही है। एजेंसी इस समय कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित साक्ष्य एकत्रित कर रही है। ईडी के सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने राज्य पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर आवश्यक दस्तावेजों को जुटा लिया है। हालाँकि, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईडी की ओर से अभी तक कोई अलग प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज नहीं की गई है।
सब्यसाची दत्त को आठ जून को वसूली के आरोप में बिधाननगर उत्तर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद जांच के दौरान राजारहाट स्थित उनके फ्लैट और बैंक लॉकर से लगभग साढ़े तीन किलोग्राम सोना बरामद किया गया था। पुलिस का दावा है कि यह सोना वसूली से प्राप्त धन के माध्यम से खरीदा गया था। इसके अलावा, सब्यसाची दत्त और उनकी पत्नी इंद्राणी दत्त के पांच बैंक खातों को भी फ्रीज किया गया था। इन खातों, सावधि जमा (एफडी) और नकदी सहित लगभग 3.70 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई थी। पुलिस इस संपत्ति के स्रोत की भी गहन जांच कर रही है।
















