Flood Relief Operations: बाढ़ राहत में न हो ढिलाई, तटबंधों की बढ़ाएं सुरक्षा

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एव
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता समय पर पहुंचनी चाहिए और तटबंधों की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। कटान से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास में तेजी लाने के साथ ही स्कूली वाहनों की फिटनेस और चालकों के अनिवार्य सत्यापन पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार रात बलिया, बाराबंकी, उन्नाव, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर जैसे बाढ़ प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य पूरी तत्परता से जारी रहें और सहायता वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांवों का संपर्क बाढ़ के कारण प्रभावित हुआ है, वहां राहत सामग्री, भोजन, दवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रभावित परिवार को सरकारी सहायता के लिए इंतजार नहीं करना पड़े। उन्होंने सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और बलिया में नदियों के तटबंधों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय करने की आवश्यकता है। विशेष रूप से बलिया में कटान से प्रभावित परिवारों को शीघ्र भूमि का पट्टा और आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
















