Food Poisoning Incident: पीथमपुर में 30 से अधिक श्रमिकों की तबीयत बिगड़ी

धार जिले के औद्योगिक नगरी पीथमपुर में स्थित एक निजी कंपनी की कैंटीन में बीती रात भोजन करने के बाद 30 से अधिक श्रमिकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यह घटना टाटा स्टी
धार जिले के औद्योगिक नगरी पीथमपुर में स्थित एक निजी कंपनी की कैंटीन में बीती रात भोजन करने के बाद 30 से अधिक श्रमिकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यह घटना टाटा स्टील चौराहे के पास स्थित कैंटीन में रात करीब 10 बजे हुई। नाइट शिफ्ट के दौरान खाना खाने वाले श्रमिकों को अचानक उल्टी, घबराहट और बेचैनी की शिकायत होने लगी। श्रमिकों का आरोप है कि कैंटीन में परोसी गई भिंडी की सब्जी में जहरीला कानखजूरा गिर गया था। दूषित भोजन खाने के बाद एक-एक कर कई श्रमिकों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। श्रमिकों ने इस घटना के लिए कैंटीन प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
घटना के तुरंत बाद बीमार श्रमिकों को पास के श्रीनाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि, 4 से 5 श्रमिकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। देर रात अचानक बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पार्षद विनोद सिंह चौहान और समाजसेवी अनिल द्विवेदी भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित श्रमिकों का हालचाल जानकर उपचार व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पार्षद विनोद सिंह चौहान ने कंपनी प्रबंधन और कैंटीन सुपरवाइजर लीलाधर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। श्रमिकों का कहना है कि वे कई बार कैंटीन में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन प्रबंधन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। श्रमिकों ने यह भी बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी तरह दूषित भोजन खाने से 150 से अधिक श्रमिक बीमार पड़ गए थे, जिनमें से कई को उपचार के लिए इंदौर भेजना पड़ा था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से श्रमिकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि कैंटीन की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो श्रमिकों के हित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















