Government Support for Soya Chaap: गाजियाबाद के सोया चाप और मिर्च के अचार का बढ़ेगा स्वाद! कारोबार बढ़ाने के लिए सरकार देगी 20 लाख तक की मदद

गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक नई पहल के तहत गाजियाबाद को सोया चाप और मिर्च के अचार के लिए चयनित किया है। यह योजना, जिसे 'एक जनपद एक व्यंजन'
गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक नई पहल के तहत गाजियाबाद को सोया चाप और मिर्च के अचार के लिए चयनित किया है। यह योजना, जिसे 'एक जनपद एक व्यंजन' (ओडीओसी) नाम दिया गया है, का उद्देश्य स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को पहचान दिलाना और स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इस योजना के माध्यम से सरकार स्थानीय उद्यमियों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जिससे वे सोया चाप और मिर्च के अचार के उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बिक्री में सक्षम हो सकें। यह पहल प्रदेश में पहले से चल रही 'एक जनपद एक उत्पाद' (ओडीओपी) और 'एक जनपद एक खेल' (ओडीओएस) योजनाओं की सफलता के बाद शुरू की गई है। सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाई जाए।
उद्योग विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवश्यक तकनीकी अपडेट का कार्य अंतिम चरण में है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले सप्ताह के अंत तक यह पोर्टल पूरी तरह से तैयार हो जाएगा और इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आवेदन स्वीकृत होने पर पात्र लाभार्थियों को बैंक ऋण के माध्यम से उद्योग स्थापित करने या विस्तार करने के लिए 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी का लाभ मिलेगा। इस योजना से न केवल नए उद्यमियों को बल्कि पहले से कार्यरत छोटे कारोबारियों को भी आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस योजना का लाभ खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और व्यक्तिगत उद्यमियों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य स्थानीय व्यंजनों को एक नई पहचान देना, रोजगार के नए अवसर सृजित करना और जिले की विशिष्ट खाद्य पहचान को मजबूत करना है। गाजियाबाद में बड़ी संख्या में सोया चाप निर्माण इकाइयां और अचार से जुड़े लघु उद्योग संचालित हैं, जिससे इस योजना के माध्यम से स्थानीय उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है। आशुतोष सिंह, उपायुक्त उद्योग ने बताया कि निवेश मित्र पोर्टल पर अपडेट का कार्य चल रहा है और जैसे ही कार्य पूरा होगा, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।



















