Greater Aligarh Development: 700 करोड़ से होगा डेवलप, बोर्ड बैठक में ले आउट पर लगेगी मुहर

अलीगढ़ में बहुप्रतीक्षित ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने इस योजना का विस्तृत लेआउट तैयार कर लिया
अलीगढ़ में बहुप्रतीक्षित ग्रेटर अलीगढ़ आवासीय योजना अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने इस योजना का विस्तृत लेआउट तैयार कर लिया है, जिस पर मुहर लगाने के लिए छह अगस्त को एडीए बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी। मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में होने वाली इस बैठक में ग्रेटर अलीगढ़ का लेआउट सबसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव होगा। यदि बोर्ड से स्वीकृति मिलती है, तो एडीए योजना के अंतिम चरण की तैयारियों में जुट जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी होने पर सितंबर में इस योजना का लांच किया जाएगा।
खैर रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर के सामने सात गांवों की 323 हेक्टेयर भूमि पर विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी योजना को आधुनिक शहर की तर्ज पर बसाया जाएगा। पहले चरण में 70 हेक्टेयर क्षेत्र विकसित किया जाएगा, जिसमें दो हजार से अधिक छोटे-बड़े आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट तैयार किए जाएंगे। लेआउट में चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट, पार्क, खेल सुविधाएं, जलापूर्ति, ड्रेनेज और आधुनिक आधारभूत ढांचे को प्रमुखता दी गई है। योजना नई भवन उपविधि-2025 के अनुरूप तैयार की गई है, जिसमें 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क बनाई जाएगी, जबकि विभिन्न सेक्टरों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग 12 मीटर चौड़े होंगे।
















