Haryana Government Removes Megha Bhandari: हरियाणा सरकार ने आरोपों के बीच मेघा भंडारी को चेयरपर्सन पद से हटाया, कृष्ण चोपड़ा बने नए उपाध्यक्ष

हरियाणा सरकार ने हाल ही में हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी फार परसंस स्पीच एंड हीयरिंग इम्पेयरमेंट (एचडब्ल्यूएसपीएसएचआइ) की उपाध्यक्ष और चेयरपर्सन मेघा भंडारी को उनके
हरियाणा सरकार ने हाल ही में हरियाणा वेलफेयर सोसाइटी फार परसंस स्पीच एंड हीयरिंग इम्पेयरमेंट (एचडब्ल्यूएसपीएसएचआइ) की उपाध्यक्ष और चेयरपर्सन मेघा भंडारी को उनके पद से हटा दिया है। यह निर्णय राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष द्वारा जारी आदेश पत्र के माध्यम से लिया गया है। मेघा भंडारी के स्थान पर अब कृष्ण कुमार चोपड़ा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उल्लेखनीय है कि मेघा भंडारी का कार्यकाल 14 अगस्त को समाप्त होने वाला था, लेकिन सरकार ने उन्हें 14 दिन पहले ही उनके पद से हटा दिया। इस निर्णय को सोसाइटी में नियुक्तियों और पदोन्नति से जुड़े अनियमितताओं के आरोपों से जोड़ा जा रहा है।
इस मामले की जड़ में हिमाचल प्रदेश के सामाजिक कार्यकर्ता पियूष मोदगिल द्वारा की गई शिकायत है, जिसमें उन्होंने राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन को सोसाइटी के मामलों में अनियमितताओं के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद, सांसद महाजन ने 27 जुलाई को हरियाणा के राज्यपाल को पत्र लिखकर इस मामले में कार्रवाई की अपील की थी। राज्यपाल की ओर से 30 जुलाई को जारी पत्र में मेघा भंडारी को उपाध्यक्ष और चेयरपर्सन के पद से मुक्त करने का आदेश दिया गया। पियूष मोदगिल की शिकायत में भर्ती प्रक्रिया, कथित भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और अवैध पदोन्नति के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
















