Ladoo Crisis After PK's Victory: भाजपा दफ्तर में वीणा मानवी ने घुमाया फोन- 'भैया, लड्डू भिजवा दीजिए... गरीबों में बांट देंगे'

डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत के बाद जन सुराज खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा कार्यालय में लड्डुओं को लेकर एक दिलचस्प किस्
डिजिटल डेस्क, पटना। बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत के बाद जन सुराज खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं भाजपा कार्यालय में लड्डुओं को लेकर एक दिलचस्प किस्सा सामने आया है। जनशक्ति जनता दल की प्रत्याशी वीणा मानवी ने भाजपा कार्यालय में फोन कर लड्डू भिजवाने की मांग की। इस कॉल की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल बातचीत में वीणा मानवी भाजपा कार्यकर्ता से कहती सुनाई देती हैं कि लड्डू खराब हो जाएंगे, इसलिए उन्हें तुरंत भिजवा दिया जाए। उनका कहना था कि ये लड्डू गरीबों में बांट दिए जाएंगे और इससे खरीदने का पैसा भी बचेगा। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ता चुनावी नतीजे से मायूस नजर आता है और लड्डुओं की बड़ी संख्या का जिक्र करता है। बातचीत का सबसे मजेदार हिस्सा तब आता है जब वीणा मानवी लड्डू भेजने का समय भी तय करती हैं। वह कहती हैं कि अभी नहीं, थोड़ा अंधेरा होने के बाद भेजिएगा। इस पर दोनों तरफ से हल्की-फुल्की बातचीत होती है। वीणा मानवी कार्यकर्ता से यह भी कहती हैं कि बुरा मत मानिए, इस दुख की घड़ी में हम आपके साथ हैं।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने 64,151 वोट हासिल कर भाजपा के नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराया। भाजपा की जीत की उम्मीद में तैयार कराए गए लड्डू अब नतीजे के बाद चर्चा का विषय बन गए हैं। वीणा मानवी की कथित लड्डू रेस्क्यू वाली कॉल ने चुनावी चर्चा में हास्य का तड़का लगा दिया। कॉल रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह के मीम्स और मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। किसी ने इसे लड्डू बचाओ अभियान बताया तो किसी ने कहा कि राजनीति में हार-जीत अपनी जगह, लेकिन लड्डू बर्बाद नहीं होने चाहिए। इस पूरी घटना ने बांकीपुर के चुनावी नतीजे को एक अलग ही मजेदार रंग दे दिया।
















