Missing Friends Found in UP: कासगंज से लापता हुए तीन दोस्त मिले; ट्रेन पकड़ कर पहुंचे मथुरा-वृंदावन

कासगंज के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-03 के निवासी अर्णव उर्फ यश (13), लवकुश (13) और अनी उर्फ लक्की (15) सोमवार की शाम को कर्पूरी ठाकुर पार्क में खेलने गए थे। खेलन
कासगंज के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-03 के निवासी अर्णव उर्फ यश (13), लवकुश (13) और अनी उर्फ लक्की (15) सोमवार की शाम को कर्पूरी ठाकुर पार्क में खेलने गए थे। खेलने के बाद, इन तीनों ने अपनी साइकिलें घर पर छोड़ दीं और बिना किसी को बताए अचानक लापता हो गए। जब देर रात तक बच्चे घर नहीं लौटे, तो उनके परिवार वालों को चिंता होने लगी। परिवार ने बच्चों की खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद, रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने सदर कोतवाली पुलिस को इस मामले की सूचना दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें बच्चे सोरो गेट पुलिस चौकी की दिशा में जाते हुए दिखाई दिए। इस सूचना के बाद पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और प्रमुख बाजारों में बच्चों की तलाश शुरू की। एसपी ओपी सिंह ने दो अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया, एक टीम को बदायूं-बरेली मार्ग की ओर और दूसरी टीम को मथुरा की दिशा में भेजा गया। मथुरा भेजी गई पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह करीब 7:30 बजे तीनों बच्चों को मथुरा के प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर परिसर से सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि वे पहले भी अपने परिवार के साथ मथुरा-वृंदावन आते-जाते रहे हैं। सोमवार की रात करीब 8 बजे, वे तीनों कासगंज जंक्शन से ट्रेन में बैठकर वृंदावन घूमने के लिए निकले थे, लेकिन गलती से मथुरा की बजाय आगरा पहुंच गए। इसके बाद, आगरा से उन्होंने रोडवेज बस पकड़ी और मथुरा-वृंदावन पहुंचे। वृंदावन में प्रेम मंदिर बंद मिलने पर वे रात में मथुरा जंक्शन लौट गए। सुबह श्री कृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करने के बाद द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला। पुलिस के अनुसार, बच्चे अपनी स्वेच्छा से घूमने निकले थे और उनके साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर उनके परिवार वालों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। एसपी ओपी सिंह ने बताया कि तीनों लापता बच्चों को पुलिस टीम ने मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। तीनों बच्चे मथुरा घूमने के लिए अकेले बिना परिजनों को बताए ट्रेन से चले गए थे।
















