Political Turmoil in Haryana BJP: हिसार जिलाध्यक्ष की कार्यशैली पर सवाल, 11 मंडल अध्यक्षों ने दिया सामूहिक इस्तीफा

हरियाणा के हिसार में भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला है। जिला अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर मंडल अध्यक्षों में असंतोष बढ़
हरियाणा के हिसार में भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला है। जिला अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर मंडल अध्यक्षों में असंतोष बढ़ता जा रहा था, जिसके चलते जिले के 13 में से 11 मंडल अध्यक्षों ने सामूहिक रूप से अपने पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। इन मंडल अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए अपने संयुक्त इस्तीफे में आरोप लगाया है कि संगठन में संवाद की कमी है और एकतरफा फैसले लिए जा रहे हैं। उनका कहना है कि समर्पित कार्यकर्ताओं की भावनाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे संगठनात्मक लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। इस्तीफे में मंडल अध्यक्षों ने यह भी लिखा है कि उन्होंने संगठन को सर्वोपरि मानते हुए हर चुनाव, अभियान और संगठनात्मक दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया, लेकिन जिला अध्यक्ष की कार्यशैली के कारण असंतोष का माहौल बना हुआ था।
मंडल अध्यक्षों के पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि संगठनात्मक संवाद के अभाव में कई तानाशाहीपूर्ण निर्णय लिए गए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में निराशा और भ्रम का माहौल उत्पन्न हुआ है। इस्तीफा देने वाले मंडल अध्यक्षों ने यह भी आरोप लगाया है कि बिना पूर्व सूचना और बिना कारण बताए तीन मंडल अध्यक्षों को पद से हटा दिया गया, जो कि संगठनात्मक प्रक्रिया के खिलाफ है। इस स्थिति को देखते हुए सभी 11 मंडल अध्यक्षों ने एकजुट होकर अपने-अपने पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। बीजेपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डेमैज कंट्रोल करने की कोशिशें शुरू कर दी हैं।
















