Passenger count on Namo Bharat Corridor: पहली बार डेढ़ लाख के पार पहुंची यात्रियों की संख्या

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कारिडोर पर सोमवार को यात्रियों की संख्या ने नया इतिहास रच दिया। रात 10 बजे आखिरी ट्रेन के रवाना होने के सा
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कारिडोर पर सोमवार को यात्रियों की संख्या ने नया इतिहास रच दिया। रात 10 बजे आखिरी ट्रेन के रवाना होने के साथ ही दैनिक यात्रियों की कुल संख्या 1,50,000 के आंकड़े को पार कर गई। यह काॅरिडोर के शुरू होने के बाद से अब तक की सबसे अधिक यात्रियों की संख्या है। सबसे अधिक यात्री बेगमपुल व गाजियाबाद स्टेशन पर दर्ज किए गए। इससे पहले यह रिकार्ड आठ जून को बना था जब करीब 1,25,500 यात्रियों ने नमो भारत ट्रेनों में सफर किया था। महज दो महीनों के भीतर यात्री संख्या में यह उछाल दर्शाता है कि दिल्ली-एनसीआर के लोग तेज, आरामदायक और भरोसेमंद यातायात विकल्प के रूप में नमो भारत को तेजी से अपना रहे हैं। बढ़ती यात्रियों की संख्या यह भी संकेत देती है कि नमो भारत कारिडोर धीरे-धीरे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रोजाना आने-जाने वालों की पहली पसंद बनता जा रहा है। हालांकि माना जा रहा है कि यात्रियों की संख्या में यह जो अचानक उछाल आया है उसमें कांवड़ यात्रा का सबसे बड़ा योगदान है। दरअसल, भैंसाली बस अड्डा सोहराब गेट डिपो में स्थानांतरित हो चुका है। दिल्ली रोड पर वने-वे व्यवस्था लागू है। शहर के कई अन्य मार्ग भी प्रभावित हैं, ऐसे में दिल्ली एनसीआर के शहरों में आने-जाने के लिए नमो भारत बेहतर विकल्प साबित हो रहा है। इस प्रकार, यह स्पष्ट है कि नमो भारत कारिडोर ने न केवल यात्रियों की संख्या में वृद्धि की है, बल्कि यह क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण परिवहन साधन भी बन गया है। आने वाले समय में इस कारिडोर की लोकप्रियता और भी बढ़ने की संभावना है, जिससे यह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में यातायात के लिए एक स्थायी समाधान बन सकता है।















