New Cooperative Bank Branches in Uttarakhand: उत्तराखंड में ग्रामीण विकास को मिलेगी रफ्तार, खुलेंगी 34 नई सहकारी बैंक शाखाएं

उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए सहकारिता विभाग ने 34 नई सहकारी बैंक शाखाओं को खोलने का निर्णय लिया है। यह निर्णय विभिन्न जिल
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए सहकारिता विभाग ने 34 नई सहकारी बैंक शाखाओं को खोलने का निर्णय लिया है। यह निर्णय विभिन्न जिलों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर लिया गया है, जिनमें से 34 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मंजूरी मिलने के बाद इन शाखाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। इस कदम से राज्य में जिला सहकारी बैंकों की कुल शाखाओं की संख्या 349 हो जाएगी, जो ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाएगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नई शाखाओं के खुलने से दूरदराज के ग्रामीण अंचलों के लोगों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं प्राप्त होंगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। साथ ही, सहकारिता की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को मिलेगा।
सहकारिता मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि सहकारिता विभाग के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में, प्रदेशभर में जिला सहकारी बैंकों की नई शाखाएं खोलने का निर्णय लिया गया है। विभाग को कुल 41 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से 34 को मंजूरी दी गई है। सात प्रस्ताव अपूर्ण पाए गए हैं, जिनमें से हरिद्वार के पांच प्रस्तावों को आवश्यक संशोधन के बाद पुनः प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नई शाखाओं के खुलने से सहकारी बैंकिंग नेटवर्क और अधिक सशक्त होगा, जिससे किसानों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों, लघु उद्यमियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को बेहतर वित्तीय सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
सहकारिता मंत्री ने यह भी बताया कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों को आरबीआई के पास भेज दिया गया है। नई शाखाओं के लिए स्थानों में कुंवाली, चमड़खाल, नागचूलाखाल, छिद्दरवाला, त्यूनी, भाऊवाला, मालदेवता, आईटी पार्क सहस्त्रधारा, नौठा, पौखाल, सिगड्डी, ज्योलीकोट, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी-गैस गोदाम रोड, सूखीढांग, रीठाखाल, खिरमांडे, चन्डाक, जाखनी, धनोल्टी, मलेथा, पावकीदेवी, बगियालगांव, पंतनगर, महुआडाबरा, सुल्तानपुरपट्टी, बगवाड़ा, नंदपुर, खेमपुर, कोटधार, धारी कलोगी, सांकरी, माईथान, लंगासू और नगरासू शामिल हैं। यह सभी स्थान ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं और इन नई शाखाओं के खुलने से स्थानीय लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिलेगा।
















