Online Fraud Case: मुंबई से मधुबनी तक फैला मोबाइल ठगी का नेटवर्क

बाबूबरही (मधुबनी) से संवाद सहयोगी के अनुसार, ऑनलाइन शॉपिंग पर भरोसा करने वाले ग्राहकों के लिए एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें लाखों रुपये के महंगे मोब
बाबूबरही (मधुबनी) से संवाद सहयोगी के अनुसार, ऑनलाइन शॉपिंग पर भरोसा करने वाले ग्राहकों के लिए एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इसमें लाखों रुपये के महंगे मोबाइल फोन ग्राहकों तक पहुंचने से पहले ही कथित तौर पर बदल दिए जाते थे और उनकी जगह नकली मोबाइल भेजे जा रहे थे। इस हाईटेक ठगी के तार मुंबई से मधुबनी तक जुड़े हुए मिले हैं। मुंबई और बाबूबरही पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मधुबनी से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि बाबूबरही थाना क्षेत्र के कोल्हुआ, बलुआहा टोल गांव में छापेमारी की गई, जहां प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वह ऑनलाइन ऑर्डर किए गए असली मोबाइल को बदलकर नकली मोबाइल सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था। बुधवार को उसे मधुबनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मुंबई पुलिस उसे रिमांड पर अपने साथ ले गई।
पुलिस के अनुसार, मुंबई के फेयर रोड निवासी नवीन गोयल शाह और उनकी पत्नी लक्ष्मी शाह की मोबाइल दुकान अमेजॉन से जुड़ी हुई है। वे ऑनलाइन ऑर्डर मिलने पर मोबाइल को सील कर अमेजॉन के माध्यम से भिवंडी स्थित वेयरहाउस भेजते थे। छह मई 2024 से 20 अक्टूबर 2025 के बीच करीब 9.47 लाख रुपये मूल्य के 10 महंगे मोबाइल भेजे गए। हालांकि, ग्राहकों को असली मोबाइल की जगह नकली मोबाइल मिले। जब ग्राहकों से लौटे मोबाइल दुकानदारों के पास पहुंचे, तब पूरा मामला सामने आया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि भिवंडी वेयरहाउस में किसी कर्मचारी या डिलीवरी से जुड़े व्यक्ति ने सीलबंद पैकेट में असली मोबाइल निकालकर उसकी जगह नकली मोबाइल रख दिए। इसके बाद वही पैकेट ग्राहकों तक पहुंचा दिए गए।
















