Protests at Bareilly College: सछास कार्यकर्ताओं ने मुख्य मार्ग ब्लॉक कर किया धरना

बरेली कॉलेज में सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज के परीक्षा हाल की ओर जाने वाले मुख्
बरेली कॉलेज में सोमवार को समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने अव्यवस्थाओं के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज के परीक्षा हाल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को ब्लॉक कर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने 'काॅलेज प्रशासन मुर्दाबाद', 'छात्र एकता जिंदाबाद' और 'इंकलाब जिंदाबाद' जैसे नारों से कॉलेज परिसर को गुंजायमान कर दिया। उनका मुख्य आरोप था कि कॉलेज में बाहरी तत्वों का अनावश्यक दखल बढ़ गया है, जिससे शैक्षिक माहौल प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर पहले ही कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों का जिक्र किया गया था।
छात्र सभा ने अपनी मांगों में कहा कि कॉलेज के खेल मैदान का उपयोग किसी भी राजनीतिक या सरकारी कार्यक्रम के लिए नहीं किया जाना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को छात्रावास परिसर से हटाकर मुख्य स्थान पर स्थापित करने की मांग की। छात्रों ने खेल सुविधाओं की दयनीय स्थिति को सुधारने और बेहतर संसाधनों की उपलब्धता की भी मांग की। इसके साथ ही, लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से बहाल करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि कॉलेज प्रशासन ने उनकी मांगों पर जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने के लिए मजबूर होंगे।
छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। धरने के कारण कॉलेज के कई छात्र परेशान हुए, लेकिन छात्र नेताओं का कहना है कि अपनी बात मनवाने के लिए यह विरोध आवश्यक था। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, प्रदेश सचिव संजय मेवाती, शिव प्रताप सिंह, दीपक यादव, अमर यादव, किशन आदि कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। छात्रों का यह प्रदर्शन कॉलेज प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि वे छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लें और शीघ्र समाधान करें।
















