Raid by EOU in Banka: इंजीनियर के घर 5 घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन, घर में मिले सिर्फ चाचा

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के पिपराहडीह गांव में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने एक महत्वपूर्ण छापेमारी की। यह कार्रवाई गुरुवार को हुई, जिसमें सासाराम में लघु
बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के पिपराहडीह गांव में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने एक महत्वपूर्ण छापेमारी की। यह कार्रवाई गुरुवार को हुई, जिसमें सासाराम में लघु जल संसाधन विभाग में कार्यरत एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अरविंद कुमार चौधरी के पैतृक आवास पर करीब पांच घंटे तक तलाशी ली गई। सुबह नौ बजे शुरू हुई यह छापेमारी दोपहर एक बजे समाप्त हुई। ईओयू की पांच सदस्यीय टीम के साथ जिला प्रशासन के दो दंडाधिकारी भी मौजूद थे, जबकि स्थानीय पुलिस बल की सुरक्षा व्यवस्था थानाध्यक्ष महेश कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम ने इंजीनियर के तीन मंजिला मकान की गहनता से तलाशी ली।
छापामारी के दौरान केवल इंजीनियर के चाचा घर में मौजूद पाए गए, जबकि परिवार का कोई अन्य सदस्य वहां नहीं था। जानकारी के अनुसार, इंजीनियर की माता का निधन हो चुका है और उनके पिता सेवानिवृत्त होने के बाद पटना में रह रहे हैं। यह भी बताया गया कि इंजीनियर और उनका परिवार स्थायी रूप से गांव में नहीं रहते हैं। ईओयू के डीएसपी के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें दो इंस्पेक्टर और एक सब-इंस्पेक्टर भी शामिल थे। अधिकारियों ने इस मामले की गोपनीयता को बनाए रखते हुए विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
















