Red Fort Independence Day Security: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की सुरक्षा के लिए 20,000 जवान तैनात

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती दी गई है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि 15 अगस्त को होने वाले समारोह के लि
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लाल किले और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती दी गई है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि 15 अगस्त को होने वाले समारोह के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 15,000 से 20,000 जवान तैनात किए जाएंगे।
दिल्ली पुलिस ने भीड़ में संदिग्ध और वांछित लोगों की पहचान के लिए अभिज्ञान एप और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) जैसी उन्नत तकनीक का उपयोग करने का निर्णय लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट व्यक्तियों समेत लगभग 25,000 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से, पहली बार अभिज्ञान एप का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाएगा।
इस ऐप में एक करोड़ से अधिक अपराधियों का डेटाबेस है, और पुलिसकर्मी यादृच्छिक रूप से चुने गए लोगों के फिंगरप्रिंट लेने के लिए विशेष उपकरण का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिंगरप्रिंट को कुछ ही सेकंड में डेटाबेस से मिलाया जाता है। लाल संकेत का अर्थ है कि व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड है, जबकि हरे संकेत का अर्थ है कि कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
लाल किले और उसके आस-पास की निगरानी के लिए लगभग 1,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेशियल रिकग्निशन सिस्टम वाले कैमरे भी शामिल हैं। इसके अलावा, स्मारक के अंदर एक हाईटेक सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां से पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे निगरानी रख रहे हैं। पुलिस ने बताया कि इस निगरानी नेटवर्क का उपयोग लाल किले के बाहर कई किलोमीटर के इलाके पर नजर रखने के लिए भी किया जा रहा है।

















