Security Tightened in Kashmir Ahead of August 15: स्वतंत्रता दिवस से पहले कश्मीर में सुरक्षा कड़ी

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोहों की तैयारियों के मद्देनजर कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी कमर कस
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोहों की तैयारियों के मद्देनजर कश्मीर घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी कमर कस ली है। हाल में हुई आतंकी गतिविधियों और संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बिरदी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और आतंकवादी साजिशों को नाकाम करने के लिए प्रभावी रणनीतियों को अपनाने के निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कश्मीर में एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईडी, आईटीबीपी, आरपीएफ समेत विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी और कश्मीर जोन के सभी जिलों के पुलिस प्रमुख शामिल हुए। बैठक में घाटी की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, हालिया आतंकी घटनाओं, घुसपैठ की चुनौतियों और सुरक्षा उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आईजीपी वीके बिरदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस से पहले और कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी खुफिया जानकारी और त्वरित कार्रवाई से ही आतंकवादी गतिविधियों को रोका जा सकता है। इसके अलावा, उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे ट्रैक, रेलवे स्टेशनों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त तैनाती, डायनामिक नाके लगाने और विशेष रूप से रात के समय गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अंतर-जिला सीमाओं और कमजोर क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
आईजीपी ने जिला पुलिस प्रमुखों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान तेज करने और क्षेत्र में प्रभावी वर्चस्व बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर भी निगरानी बढ़ाने को कहा, ताकि अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और शांति भंग करने वाले प्रयासों को रोका जा सके। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने तथा घाटी में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम करने का संकल्प दोहराया।
















