Third Arrest in Badri Nath Case: पहले चढ़ावा चुराया, फिर खींची फोटो, गार्ड के घर मिला चोरी का सामान

बदरीनाथ धाम के चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। मनोज, जो जेपी पावर वेंचर्स में सुरक्षा गार्ड के र
बदरीनाथ धाम के चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है। मनोज, जो जेपी पावर वेंचर्स में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था, चढ़ावा गणना के दौरान मंदिर के गणना कक्ष में मौजूद रहता था। दो जुलाई को हुई गणना से जुड़ी CCTV फुटेज में उसे दान सामग्री में से सामान उठाते हुए देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, मनोज कुमार को शुक्रवार दोपहर उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने चढ़ावे की सामग्री चोरी करने की बात स्वीकार की। मनोज ने बताया कि चोरी की कुछ सामग्री उसने अपने घर पर रखी थी, जबकि कुछ सामान यात्रियों को बेच दिया और कुछ अपने मेहमानों को उपहार में दे दिए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी का काफी सामान बरामद किया है।
विशेष जांच टीम (SIT) ने मनोज के घर से आभूषण, सिक्के, प्रतिमाएं और अन्य चढ़ावे की सामग्री बरामद की। इसके साथ ही, चोरी की गई सामग्री को बेचकर प्राप्त 6,000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। मनोज के मोबाइल फोन से चोरी किए गए सामान की तस्वीरें भी मिली हैं, जिससे यह पता चलता है कि वह चोरी के सामान की तस्वीरें उसी दिन खींचता था।
पुलिस का कहना है कि मनोज चोरी की सामग्री को एक चादर पर सजाकर उसकी फोटो लेता था। SIT अब मोबाइल फोन में मिली तस्वीरों और बरामद सामग्री के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितने सामान की चोरी की गई और उनमें से कितनी सामग्री को बेचा या दूसरों को दिया गया।
















