Is Upnal Closing?: उपनल बंद होने की खबरें गलत, सरकार का स्पष्टीकरण

उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) को बंद किए जाने की अफवाहों को सरकार ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि उपनल को ब
उत्तराखंड पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड (उपनल) को बंद किए जाने की अफवाहों को सरकार ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि उपनल को बंद करने का कोई प्रस्ताव नहीं है और न ही इस संबंध में किसी प्रकार के निर्देश जारी किए गए हैं। यह जानकारी सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत ने दी, जिन्होंने कहा कि उपनल के बंद होने की बातें पूरी तरह से भ्रामक और तथ्यहीन हैं। उन्होंने बताया कि कुछ मीडिया माध्यमों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के समायोजन के बाद निगम की आवश्यकता समाप्त हो गई है, जो कि गलत है। उपनल राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण उपक्रम है, जो पूर्व सैनिकों और अन्य पात्र कार्मिकों को विभिन्न विभागों में सेवायोजन उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है।
युगल किशोर पंत ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपनल के विस्तार के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसके अंतर्गत विदेशों में पूर्व सैनिकों की तैनाती की योजना भी बनाई जा रही है। उपनल के माध्यम से गेल, एम्स, आइओएल, ओएनजीसी जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। ऐसे में उपनल के संचालन को लेकर किसी प्रकार की अनिश्चितता नहीं है। राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि उपनल के माध्यम से पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
















