International Taekwondo Championship in Pattaya: पूर्वांचल के शिवानी और अश्विन ने जीते स्वर्ण पदक

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। थाईलैंड के पटाया में आयोजित नौवीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दो
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। थाईलैंड के पटाया में आयोजित नौवीं हीरोज इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के दो खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के जरिए भारत के लिए दो स्वर्ण पदक जीते हैं। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की एमए समाजशास्त्र की छात्रा शिवानी पांडेय और बीकॉम ऑनर्स के छात्र अश्विन कुमार पांडेय ने अपने-अपने भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय तिरंगे को गर्वित किया। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित की गई, जिसमें 35 से अधिक देशों के चार हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में क्योरुगी, पूमसे, स्पीड किकिंग, ताइक्वांडो डांस और टैग टीम जैसी विभिन्न स्पर्धाएं शामिल थीं, जिनमें विश्वस्तरीय मुकाबले हुए। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े प्रतिस्पर्धी माहौल में उत्कृष्ट तकनीक, शानदार फुटवर्क, सटीक रणनीति और अदम्य आत्मविश्वास का परिचय देते हुए लगातार जीत हासिल की।
अश्विन कुमार पांडेय ने सीनियर पुरुष अंडर-54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि शिवानी पांडे ने सीनियर महिला अंडर-53 किलोग्राम वर्ग में स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। दोनों खिलाड़ियों ने श्रीलंका, वियतनाम समेत कई देशों के मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों को पराजित करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया और भारत के खाते में दो स्वर्ण पदक जोड़ दिए। इस उपलब्धि से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में खुशी की लहर है। विश्वविद्यालय परिवार, प्रशिक्षकों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने उनकी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के खेल इतिहास की गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। प्रशिक्षकों ने कहा कि कठिन अभ्यास, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और मानसिक मजबूती के बल पर दोनों खिलाड़ियों ने विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में भारतीय ताइक्वांडो की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
















