Sri Lanka XI Announced for Practice Match: टीम इंडिया के खिलाफ प्रैक्टिस मैच के लिए श्रीलंका XI का ऐलान, टेस्ट टीम के 4 दावेदारों को मौका, सोनल दिनुषा होंगे कप्तान

श्रीलंका क्रिकेट (slc) ने भारत के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा
श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भारत के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले तीन दिवसीय अभ्यास मैच के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। यह मुकाबला 7 अगस्त से कोलंबो के एनसीसी (Nondescripts Cricket Club) ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस टीम की कप्तानी 25 वर्षीय ऑलराउंडर सोनल दिनुषा को सौंपी गई है। 'श्रीलंका क्रिकेट XI' टीम भारत के खिलाफ इस अभ्यास मैच में उतरेगी। इस टीम में चार ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो टेस्ट टीम के संभावित सदस्य माने जा रहे हैं। हालांकि, भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए श्रीलंका की आधिकारिक टेस्ट टीम का ऐलान अभी बाकी है। ऐसे में यह अभ्यास मुकाबला इन खिलाड़ियों के लिए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का सुनहरा अवसर होगा। लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो, सोनल दिनुषा और निशान मदुष्का जैसे खिलाड़ी भारतीय टीम के खिलाफ 15 अगस्त से खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
सोनल दिनुषा पर सभी की निगाहें रहेंगी। 25 वर्षीय दिनुषा ने अब तक श्रीलंका के लिए तीन टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। दिनुषा ने पांच पारियों में 186 रन बनाए हैं, जिसमें 92 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी शामिल है। गेंदबाजी में उनके नाम छह विकेट हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में दिनुषा का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है। उन्होंने 133 विकेट लेने के साथ-साथ 3,698 रन भी बनाए हैं। उनके नाम 11 शतक, 19 अर्धशतक और गेंदबाजी में सात बार पांच विकेट लेने का कारनामा दर्ज है। इस प्रकार, दिनुषा इस अभ्यास मैच में अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए तैयार हैं।
















