Toronto Shooting: टोरंटो में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर फायरिंग, चार महीने में दूसरी बार चली गोलियां; जांच तेज

कनाडा के टोरंटो में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर सोमवार सुबह एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। यह इस वर्ष दूतावास पर गोलीबारी की दूसरी घटना है। पुलिस ने म
कनाडा के टोरंटो में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर सोमवार सुबह एक बार फिर गोलीबारी की घटना हुई है। यह इस वर्ष दूतावास पर गोलीबारी की दूसरी घटना है। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है, लेकिन इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। हमलावर एक सफेद होंडा अकॉर्ड कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तेज रफ्तार से भाग रही कार का पीछा किया, लेकिन सुरक्षा कारणों से पीछा बीच में ही रोक दिया गया। सीबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, दूतावास के पास नियमित गश्त पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने सुबह करीब 4:45 बजे गोली चलने की आवाज सुनी और तुरंत ही बिना नंबर प्लेट वाली सफेद कार को मौके से भागते हुए देखा। पुलिस ने डॉन वैली पार्कवे तक कार का पीछा किया, लेकिन वाहन की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक होने के कारण पीछा रोकना पड़ा।
टोरंटो पुलिस के डिप्टी चीफ फ्रैंक बैरेडो ने इस घटना को दुस्साहसी और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दूतावास के पास से एक खोखा बरामद किया है और इमारत के बाहरी हिस्से पर क्षति भी पाई गई है। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस अभी हमले के मकसद और कार में सवार लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। टोरंटो पुलिस ने बताया कि फिलहाल वह हवाई सहायता के लिए अन्य एजेंसियों के हेलीकॉप्टरों पर निर्भर है और इस वर्ष के अंत तक विभाग को अपना विमान मिलने की उम्मीद है।

















