AI Video Scam: वित्त मंत्री के नाम पर फर्जी निवेश योजना का खुलासा

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक ऐसी निवेश योजना का समर्थन करते हुए दिखाया गया है,
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक ऐसी निवेश योजना का समर्थन करते हुए दिखाया गया है, जो महज 22 हजार रुपये के निवेश पर हर महीने 30 लाख रुपये कमाने का दावा करती है। यह वीडियो देखकर कई लोग इसे सरकारी योजना समझने लगे हैं, लेकिन इसकी वास्तविकता कुछ और ही है। सरकार की आधिकारिक फैक्ट-चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस वीडियो को पूरी तरह से फर्जी करार दिया है। वायरल वीडियो में यह कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति 22 हजार रुपये का प्रारंभिक निवेश करता है, तो वह प्रतिदिन 1 लाख रुपये और महीने में लगभग 30 लाख रुपये तक कमा सकता है। वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि यह कोई विज्ञापन नहीं है, बल्कि सरकार द्वारा दी गई एक गारंटी है और देश का कोई भी बैंक इस योजना के तहत भुगतान करेगा। इस दावे को विश्वसनीय बनाने के लिए वीडियो में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस कथित योजना का समर्थन करते हुए दिखाया गया है।
हालांकि, PIB Fact Check ने स्पष्ट किया है कि यह वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया एक फर्जी कंटेंट है। एजेंसी ने कहा कि न तो केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और न ही भारत सरकार ने ऐसी किसी निवेश योजना या प्लेटफॉर्म को मंजूरी दी है। PIB ने लोगों को चेतावनी दी है कि साइबर ठग अब AI तकनीक का इस्तेमाल कर नकली वीडियो और फर्जी बयान तैयार कर रहे हैं। इन वीडियो में कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर लोगों को निवेश के लिए उकसाया जाता है। चूंकि ऐसे वीडियो पहली नजर में असली जैसे दिखाई देते हैं, इसलिए कई लोग आसानी से इनके झांसे में आ जाते हैं। PIB फैक्ट चेक ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी जानकारी आधिकारिक स्रोतों से जरूर सत्यापित करें।



















