Use of AI by Protesters: जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए AI का किया इस्तेमाल

नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच में दिल्ली पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्
नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा की जांच में दिल्ली पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जनरेटिव एआई प्लेटफार्मों का सहारा लिया था। यह जानकारी सामने आई है कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले तरीकों, जैसे आंसू गैस, का सामना करने के लिए प्रदर्शनकारियों ने एआई टूल्स का उपयोग किया। जांच में यह भी पाया गया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने एआई का उपयोग कर यह सर्च किया कि पुलिस की कार्रवाई से कैसे बचा जाए। इसके लिए गीली बोरी का उपयोग करने जैसी तकनीकों की जानकारी भी एआई से प्राप्त की गई थी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि प्रदर्शन के दौरान हार्ड हैट (हेलमेट), फेस मास्क और प्रोटेक्टिव गॉगल्स (चश्मे) किसने और कैसे वितरित किए थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस मामले में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें समय लग सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी विशेष एआई प्लेटफॉर्म का नाम नहीं बताया है और न ही यह स्पष्ट किया है कि क्या किसी डिजिटल डिवाइस की फोरेंसिक जांच पूरी हो चुकी है। दिल्ली पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज, इंटरनेट मीडिया सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही हैं ताकि हिंसा की साजिश रचने वाले लोगों की पहचान की जा सके।



















