Investment Hub in Bihar: बिहार की नई टाउनशिप बनेगी निवेश और रोजगार का केंद्र

पटना। बिहार की पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को केवल एक आवासीय क्षेत्र के रूप में नहीं देखा जा रहा है, बल्कि इसे प्रदेश के आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्
पटना। बिहार की पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप को केवल एक आवासीय क्षेत्र के रूप में नहीं देखा जा रहा है, बल्कि इसे प्रदेश के आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाने की योजना है। इस टाउनशिप का मुख्य उद्देश्य पटना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देना, निवेश को आकर्षित करना और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करना है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों जैसे सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), वित्तीय सेवाएं, विनिर्माण उद्योग, कृषि आधारित उद्योग, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। इस पहल से कुशल और अर्द्धकुशल दोनों प्रकार के युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
इस टाउनशिप की सबसे बड़ी विशेषता इसकी बेहतरीन कनेक्टिविटी होगी। यह राष्ट्रीय राजमार्ग, आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे, रेलवे, मेट्रो रेल ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) से जुड़ी होगी। पटना के निकट स्थित होने के कारण यह देश-विदेश के निवेशकों को आकर्षित करने में सहायक होगी। इसके अलावा, योजना में डिजिटल प्रशासन, आधुनिक आधारभूत संरचना और विश्वस्तरीय व्यावसायिक माहौल का विकास किया जाएगा, जिससे कारोबार को आसान बनाया जा सके। स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और नवाचार आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन देने की भी योजना है।


















