Empowering Women Entrepreneurs: योगी सरकार घर-घर जाकर महिलाओं को बनाएगी उद्यमी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस दिशा में 'परिवार संतृप्तिकरण अभियान' की शुरुआत की गई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। इस दिशा में 'परिवार संतृप्तिकरण अभियान' की शुरुआत की गई है, जो 5 अगस्त से 20 अगस्त तक चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों की पहचान करना है, जो अभी तक स्वयं सहायता समूहों या ग्रामीण आजीविका मिशन से नहीं जुड़े हैं। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर उन महिलाओं को स्वरोजगार, बैंकिंग सुविधाओं और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। यह अभियान न केवल महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगा, बल्कि उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा।
अभियान के दौरान विकासखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर नोडल अधिकारी घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और ऐसे परिवारों की पहचान करेंगे, जहां महिलाएं स्वयं सहायता समूहों का हिस्सा नहीं हैं। सर्वे के आधार पर उन्हें समूहों से जोड़ा जाएगा, जिससे वे बचत, ऋण, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें। इसके साथ ही, योगी सरकार ने सभी पात्र स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते तुरंत खुलवाने के निर्देश दिए हैं, जिससे समूहों को सरकारी वित्तीय सहायता, बैंक ऋण और अन्य योजनाओं का लाभ सीधे मिल सकेगा। इससे ग्रामीण महिलाओं के लिए छोटे उद्यम शुरू करना और आर्थिक गतिविधियों का विस्तार करना आसान होगा।



















