Jaipur News: सिर्फ अंडे गिरने पर ले ली जान! जयपुर में दिन दहाड़े युवक को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला

राजधानी जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया, जब सड़क पर अंडे गिरने को लेकर चार युवकों ने एक युवक पर लाठियों से हमला कर दिया।
राजधानी जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयानक रूप ले लिया, जब सड़क पर अंडे गिरने को लेकर चार युवकों ने एक युवक पर लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई, और घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक की ओर लाठियां लेकर बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह घटना उस समय हुई जब मृतक बलवीर, जो मध्य प्रदेश के श्योपुर का निवासी था, जयपुर के शांति नगर इलाके में किराए पर रहकर मार्बल-टाइल्स का काम कर रहा था। बलवीर के भाई रामवीर ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कराया है। रामवीर सोडाला के नंदपुरी इलाके में रहता है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार की शाम कुछ युवक अंडे लेकर जा रहे थे। रास्ते में बलवीर से टकराने के बाद अंडे सड़क पर गिर गए, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर चार युवकों ने बलवीर पर पीछे से लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में बलवीर के दो साथी भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायलों को पहले जयपुरिया अस्पताल पहुंचाया। बलवीर की हालत गंभीर होने पर उसे एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

















