Paper Leak in Bihar Exam: बिहार में भर्ती परीक्षा का पेपर लीक, तीन गिरफ्तार

बिहार में सरकारी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले ने शिक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आर्थिक अपराध इकाई (eou) ने इस मामले में तीन लोग
बिहार में सरकारी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले ने शिक्षा और भर्ती व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पटना का 25 वर्षीय राज समदर्शी उर्फ राजा, वैशाली का 21 वर्षीय अभिषेक कुमार और वैशाली का ही 28 वर्षीय बायोमेट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार शामिल हैं। यह मामला बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की हवलदार इंस्ट्रक्टर परीक्षा से संबंधित है। अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षा 5 अगस्त को प्रस्तावित थी, लेकिन पेपर लीक की जांच के चलते इसे अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। इस निर्णय से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों में हड़कंप मच गया है।
आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राज समदर्शी बुधवार को हाजीपुर केंद्र पर आयोजित होमगार्ड सर्विस इंस्ट्रक्टर परीक्षा में शामिल होने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान राज ने अभिषेक कुमार की भूमिका के बारे में जानकारी दी। जांच में एक और महत्वपूर्ण कड़ी सामने आई है। EOU के अनुसार, आरोप है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र के उत्तर बायोमेट्रिक सुपरवाइजर नितेश कुमार के माध्यम से राज समदर्शी तक पहुंचाए गए थे। नितेश परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक प्रक्रिया से संबंधित जिम्मेदारी निभा रहा था। उसकी गिरफ्तारी ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।



















