Digital Kanwar Yatra: कांवड़ यात्रा होगी डिजिटल, 'ई-श्रावणी एप' पर मिलेगी सभी सुविधाओं की जानकारी

भागलपुर में इस वर्ष श्रावणी मेला पूरी तरह से डिजिटल अनुभव के साथ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अजगैवीनाथ धाम से 'ई-श्रावणी एप' का शु
भागलपुर में इस वर्ष श्रावणी मेला पूरी तरह से डिजिटल अनुभव के साथ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को अजगैवीनाथ धाम से 'ई-श्रावणी एप' का शुभारंभ किया। यह एप विशेष रूप से शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विकसित किया गया है। जिला प्रशासन के सहयोग से ट्रिपल आइटी भागलपुर द्वारा निर्मित इस एप में श्रद्धालुओं के लिए कई उपयोगी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। एप पर एसओएस, लाइव भीड़ अपडेट, डिजिटल दर्शन, चिकित्सा सुविधाएं, पड़ाव, अधिकृत रेट लिस्ट और कांवरिया पथ से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक क्लिक पर प्राप्त की जा सकेंगी। यह एप कांवरियों का डिजिटल सहयात्री बनकर उनकी यात्रा को पहले से अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा। श्रद्धालु यात्रा प्रारंभ करने से पहले ही एप डाउनलोड कर सकते हैं और यात्रा के दौरान भी उन्हें हर आवश्यक सूचना मोबाइल पर मिलती रहेगी।
ई-श्रावणी एप में कांवरिया पथ पर उपलब्ध सभी आवश्यक सुविधाओं का डिजिटल लोकेटर भी शामिल किया गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालु निकटतम विश्राम स्थल, धर्मशाला, चिकित्सा शिविर, पेयजल केंद्र, शौचालय, चेंजिंग रूम, पार्किंग, बैंकिंग सुविधा और भोजन-जलपान केंद्र की सटीक लोकेशन तुरंत देख सकेंगे। आपात स्थिति में एप का एसओएस बटन सीधे कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और अग्निशमन सेवा की सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जा सकेगी। एप में सभी प्रमुख थानों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य महत्वपूर्ण कार्यालयों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध रहेंगे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एप में रियल टाइम अपडेट की व्यवस्था की गई है। कांवरिया पथ पर भीड़ का घनत्व, मार्ग की स्थिति, प्रशासनिक एडवाइजरी और अन्य जरूरी सूचनाएं लगातार अपडेट होती रहेंगी। इसके अलावा, श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के लाइव दर्शन भी कर सकेंगे। वर्चुअल पूजा और अधिकृत पुजारियों की सूची भी इस एप में उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालु गूगल प्ले स्टोर से ई-श्रावणी एप डाउनलोड कर सकते हैं और हिंदी या अंग्रेजी में सुविधानुसार जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह एप प्रशासनिक सेवाओं को प्रत्येक कांवरिया की हथेली तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा और श्रद्धालुओं का विश्वसनीय डिजिटल सहयात्री सिद्ध होगा।



















