Governor emphasizes AI and technical skills in education: राज्यपाल ने शिक्षा में AI और तकनीकी कौशल पर दिया जोर

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सोमवार को लोक भवन में कोर विश्वविद्यालय रुड़की की कुलपति प्रो. अनुभा सिंह से मुलाक
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सोमवार को लोक भवन में कोर विश्वविद्यालय रुड़की की कुलपति प्रो. अनुभा सिंह से मुलाकात की। इस दौरान कुलपति ने राज्यपाल को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) और आधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित पहलों का प्रस्तुतीकरण दिया। विवि की ओर से एआइ और टेक्नोलाजी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के साथ-साथ भविष्य की योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। राज्यपाल ने इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल और तकनीकी दक्षता से सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयास करने चाहिए। इस बैठक में कोर विवि के प्रतिकुलपति डॉ. राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।
इसके अलावा, राज्यपाल ने महर्षि पाणिनी संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय, उज्जैन मध्यप्रदेश के कुलपति प्रो. शिव शंकर मिश्रा से भी मुलाकात की। इस दौरान संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। राज्यपाल ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं है, बल्कि यह भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, संस्कृति और सभ्यता की आधारशिला है। उन्होंने संस्कृत को हमारी अमूल्य धरोहर और ज्ञान का भंडार बताया, जिसे वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।


















